Sunday, March 1, 2026
Google search engine
HomeBusinessमहाराष्ट्र में निवेश के लिए कनाडा को मुख्यमंत्री फडणवीस का आमंत्रण

महाराष्ट्र में निवेश के लिए कनाडा को मुख्यमंत्री फडणवीस का आमंत्रण

अधोसंरचना व शिक्षा क्षेत्र में साझेदारी पर जोर

मुंबई। वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच विकास की दिशा में आगे बढ़ते हुए महाराष्ट्र ने कनाडा को निवेश के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कनाडाई शैक्षणिक संस्थानों और उद्यमियों से राज्य में निवेश करने का आह्वान किया। रविवार को वे मुंबई के ताज पैलेस होटल में आयोजित स्वागत समारोह में संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम कनाडा के राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन, न्यू ब्रन्सविक की प्रीमियर सुसान होल्ट तथा कनाडाई शिष्टमंडल के सम्मान में आयोजित किया गया था। समारोह में राजशिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, बृहन्मुंबई आयुक्त भूषण गगराणी, सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल, मुख्यमंत्री के निवेश सलाहकार कौस्तुभ धवसे, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव वेणुगोपाल रेड्डी तथा उद्योग विभाग के सचिव पी. अन्बलगन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर अधोसंरचना परियोजनाएं संचालित हैं। मुंबई को दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा- नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा प्राप्त हो रहा है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। नवी मुंबई में अंतरराष्ट्रीय ‘एज्युसिटी’ विकसित की जा रही है, जहां विदेशी विश्वविद्यालय अपने परिसर स्थापित करेंगे। अब तक पांच विश्वविद्यालयों को ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ जारी किए जा चुके हैं और सरकार विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए कार्यरत है। उन्होंने बताया कि राज्य की लगभग 60 प्रतिशत आबादी 27 वर्ष से कम आयु की है और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए कनाडा जाते हैं। ऐसे में कनाडाई विश्वविद्यालयों को नवी मुंबई की एज्युसिटी में अपने परिसर स्थापित करने चाहिए।प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कनाडा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। महाराष्ट्र सरकार भी डेटा सेंटर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और स्टार्टअप को बढ़ावा दे रही है। कृषि क्षेत्र में एआई के उपयोग को बढ़ाने के लिए हाल ही में राज्य में सम्मेलन आयोजित किया गया। किसानों को ‘एग्री स्टैक’ के माध्यम से डिजिटल मंच से जोड़ा गया है तथा ‘महाविस्तार’ कार्यक्रम लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दशक में भारत में व्यापक परिवर्तन हुआ है और महाराष्ट्र भी विकास की इस धारा में अग्रणी है। कनाडाई शिष्टमंडल के भारत दौरे को द्विपक्षीय संबंधों की नई दिशा बताते हुए मुख्यमंत्री ने भविष्य में सहयोग और निवेश बढ़ाने का आग्रह किया। मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन ने भारत-कनाडा के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए सहयोग और मजबूत होने का विश्वास जताया, जबकि प्रीमियर सुसान होल्ट ने महाराष्ट्र और न्यू ब्रन्सविक के बीच संभावित साझेदारी पर प्रकाश डाला। उद्योग विभाग के सचिव पी. अन्बलगन ने राज्य की औद्योगिक नीति और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर प्रस्तुति दी। एमएमआरडीए के अतिरिक्त महानगर आयुक्त विक्रम कुमार ने मुंबई महानगर क्षेत्र की अधोसंरचना परियोजनाओं की जानकारी दी। सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एज्युसिटी, मेडिसिटी, एरोसिटी और खारघर स्थित अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन कौस्तुभ धवसे ने किया। इसमें कनाडाई प्रतिनिधि, विश्वविद्यालयों के अधिकारी, भारतीय कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments