
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा तय की गई 100 दिन की कार्ययोजना के तहत महाराष्ट्र का उद्योग विभाग 100 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति की दिशा में सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। यह जानकारी उद्योग मंत्री उदय सामंत ने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी। इस बैठक में उद्योग सचिव डॉ. पी. अनबलगन, एमआईडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. वेलारासु, विकास आयुक्त दीपेंद्र सिंह कुशवाह, सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय राठौड़ सहित उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। दावोस में हुए समझौतों का जिक्र करते हुए मंत्री सामंत ने बताया कि महाराष्ट्र ने निर्धारित लक्ष्य से 235 प्रतिशत अधिक निवेश आकर्षित किया है और भारत के कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) में राज्य का योगदान 40.89 प्रतिशत रहा है। मुख्यमंत्री फडणवीस द्वारा उद्योग विभाग, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (MIDC), उद्योग संचालनालय, मैत्री, महाराष्ट्र लघु उद्योग विकास महामंडल, सरकारी मुद्रणालय और क्षेत्रीय कार्यालयों के लिए तय किए गए लक्ष्यों का 90-95 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि शेष लक्ष्य जल्द प्राप्त कर लिए जाएंगे। बैठक के दौरान मंत्री सामंत ने सभी कार्यालयों में स्वच्छता और नवीनीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने उद्योग विभाग को सरकार और उद्यमियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए, योजनाओं को जनसामान्य तक पहुंचाने और उद्यमियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में जनता दरबार आयोजित करने के निर्देश भी दिए।




