
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने बुधवार को कहा कि राज्य, विशेषकर मुंबई, स्वास्थ्य पर्यटन के क्षेत्र में दंत चिकित्सा सेवाओं के लिए अपार अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मुंबई में उच्चस्तरीय चिकित्सा अवसंरचना, कुशल विशेषज्ञों और तुलनात्मक रूप से कम लागत वाली सेवाओं के कारण अंतर्राष्ट्रीय रोगियों के लिए यह एक आकर्षक गंतव्य बन सकता है। लोक स्वास्थ्य मंत्री आबिटकर भारतीय दंत चिकित्सा संघ (आईडीए) द्वारा प्रभादेवी, मुंबई में स्थापित डॉ. ए.पी.जे.अब्दुल कलाम शिक्षा, अनुसंधान एवं इनक्यूबेशन केंद्र के दौरे पर थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “दंत चिकित्सा सेवाओं की वैश्विक माँग तेजी से बढ़ रही है और मुंबई में इस दिशा में विश्वस्तरीय सुविधाएँ पहले से उपलब्ध हैं। भारतीय दंत चिकित्सा संघ, जो गिनीज़ बुक में दर्ज विश्वस्तरीय संस्था है, पिछले 78 वर्षों से उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान कर रहा है। अनुसंधान, प्रशिक्षण और कौशल विकास के क्षेत्र में आईडीए का कार्य अनुकरणीय है। आबिटकर ने आगे कहा कि राज्य सरकार और भारतीय दंत चिकित्सा संघ मिलकर दंत स्वास्थ्य जागरूकता, निवारक कार्यक्रमों, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में संयुक्त रूप से काम कर सकते हैं। इस अवसर पर आईडीए के मानद महासचिव डॉ. अशोक ढोबले ने मंत्री प्रकाश आबिटकर का स्वागत करते हुए केंद्र की अत्याधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा- मंत्री आबिटकर का यह दौरा हमारे लिए प्रेरणादायी है। इसने प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के हमारे संकल्प को और मजबूत किया है। बताया गया कि ‘स्वस्थ मुस्कान मिशन 2025’ के अंतर्गत महाराष्ट्र सरकार और भारतीय दंत चिकित्सा संघ ने संयुक्त रूप से दंत स्वास्थ्य सुधार, निवारक सेवाओं और वैश्विक स्तर पर चिकित्सा उत्कृष्टता स्थापित करने का संकल्प लिया है।




