
मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य की महायुति सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि औरंगजेब का मकबरा छत्रपति शिवाजी महाराज की बहादुरी का प्रतीक है, लेकिन भाजपा इसे मिटाने की साजिश कर रही है।
“औरंगजेब की कब्र शिवाजी महाराज की बहादुरी का प्रतीक”
सपकाल ने कहा, “औरंगजेब एक क्रूर शासक था, जिसने अपने पिता को कैद किया, भाई की हत्या की और छोटे भाई को पागल घोषित कर दिया। उस क्रूर औरंगजेब को मराठियों ने इसी धरती में दफनाया था, और यह शिवाजी महाराज की बहादुरी का प्रतीक है। भाजपा अब उस इतिहास को मिटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने भाजपा की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस विचारधारा से भाजपा का जन्म हुआ, उसने छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक का विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवाजी महाराज की मृत्यु के बाद 200 वर्षों तक उनकी समाधि को छिपाया गया, ताकि जनता को उनके विचारों और कार्यों के बारे में जानकारी न मिल सके।
“शिवेंद्रराजे को ‘बंच ऑफ थॉट्स’ पढ़नी चाहिए”
सपकाल ने मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले को सलाह दी कि वे पूर्व सरसंघचालक गोलवलकर की पुस्तक ‘बंच ऑफ थॉट्स’ पढ़ें और समझें कि उसमें छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में क्या लिखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों द्वारा बार-बार शिवाजी और संभाजी महाराज का अपमान किया जा रहा है, और भाजपा ऐसे लोगों को संरक्षण देती है।
शिवेंद्रराजे से इस्तीफे की मांग
भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए सपकाल ने कहा, “भाजपा की नीति अपमान करो और संरक्षण पाओ, अपमान करो और पुरस्कार पाओ की है।” उन्होंने शिवेंद्रराजे से अपील की कि वे सरकार से इस्तीफा दें, जो शिवाजी महाराज का अपमान करने वालों को संरक्षण देती है। महाराष्ट्र की राजनीति में इस बयान के बाद हलचल तेज हो गई है। भाजपा की ओर से अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।