
मुंबई। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल (MSBSHSE) ने दसवीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं, जिसमें राज्यभर में कुल 94.10 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ने सफल छात्रों, उनके माता-पिता और शिक्षकों को बधाई दी और असफल छात्रों से हतोत्साहित न होने की अपील करते हुए पूरक परीक्षा के माध्यम से पुनः प्रयास करने को कहा। इस वर्ष राज्य के नौ विभागीय मंडलों से 15,58,020 नियमित छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 15,46,579 परीक्षा में शामिल हुए और 14,55,433 छात्र उत्तीर्ण हुए। दिव्यांग छात्रों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा-9,585 में से 8,844 छात्र सफल रहे, जिससे उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 92.27 प्रतिशत रहा। छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 96.14 प्रतिशत उत्तीर्णता हासिल की, जबकि छात्रों का परिणाम 92.31 प्रतिशत रहा। राज्य की 23,489 स्कूलों में से 7,924 स्कूलों ने 100% सफलता प्राप्त की और कुल 24 विषयों में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किए गए। प्रवीणता सहित प्रथम श्रेणी में 4,88,745 छात्र और प्रथम श्रेणी में 4,97,277 छात्रों ने सफलता पाई। विभागीय स्तर पर कोकण मंडल ने 98.82 प्रतिशत के साथ सर्वोच्च स्थान हासिल किया, जबकि नागपुर मंडल 90.78 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे रहा। अन्य मंडलों में कोल्हापूर 96.87 प्रतिशत, मुंबई 95.84 प्रतिशत, पुणे 94.81 प्रतिशत, नाशिक 93.04 प्रतिशत, अमरावती 92.95 प्रतिशत, छत्रपति संभाजीनगर 92.82 प्रतिशत और लातूर 92.77 प्रतिशत रहा। मंडल द्वारा सभी छात्रों, शिक्षकों और स्कूलों के प्रयासों की सराहना करते हुए परिणाम को शिक्षा प्रणाली की मजबूती का प्रतीक बताया गया।



