
मुंबई। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए महाराष्ट्र के नागरिकों के परिजनों को राज्य सरकार 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में की, जिसकी शुरुआत मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों की शिक्षा, रोजगार और पुनर्वसन सुनिश्चित करने की दिशा में विशेष प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन परिवारों में रोजगार की समस्या है, उन्हें सरकारी नौकरी देने का निर्णय उन्होंने अपने विशेषाधिकार का उपयोग करते हुए लिया है। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि मृतकों में से जगदाळे परिवार की बेटी को सरकारी नौकरी देने का निर्णय एक दिन पूर्व ही लिया गया था।




