
मुंबई। अब महाराष्ट्र के लोगों को बॉम्बे हाईकोर्ट में अपने मामलों की सुनवाई जानने के लिए बार-बार अदालत के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हाईकोर्ट ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 7 जुलाई से सुनवाई का सीधा प्रसारण (Live Streaming) शुरू कर दिया है। इससे संबंधित पक्षकार अपने घर, दफ्तर या किसी भी स्थान से मोबाइल पर यह देख सकेंगे कि उनके मुकदमे में क्या चल रहा है, वकील ने कैसे तर्क दिए, और अदालत ने क्या निर्देश जारी किए।
पारदर्शिता और सुगमता की दिशा में बड़ा कदम
मुंबई हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश आलोक अराधे की अनुमति के बाद यह नई व्यवस्था लागू की गई है। इसका लोगों ने स्वागत किया है, विशेषकर वे नागरिक जो न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जानकारी की मांग करते रहे हैं। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि न्यायिक प्रणाली पर विश्वास भी मजबूत होगा।
शुरुआत में पांच बेंचों की कार्यवाही लाइव
प्रारंभिक चरण में पांच प्रमुख बेंचों की सुनवाई का सीधा प्रसारण किया जा रहा है। हालांकि पहले दिन कुछ तकनीकी समस्याएं भी सामने आई। न्यायमूर्ति अजय गडकरी की पीठ की कार्यवाही लाइव नहीं हो सकी और न्यायमूर्ति रेवती मोहिते-डेरे की पीठ की ऑडियो में गड़बड़ी रही। हाईकोर्ट में सुनवाई के लाइव प्रसारण को लेकर वकील मैथ्यूज नेदुम्परा ने एक जनहित याचिका दायर की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्य न्यायाधीश आलोक अराधे और न्यायमूर्ति संदीप मार्ने की खंडपीठ ने स्पष्ट किया था कि लाइव स्ट्रीमिंग के लिए तकनीकी व्यवस्था जल्द की जाएगी।




