
मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका द्वारा आयोजित “वसुंधरा महोत्सव 2026” का भव्य शुभारंभ 20 मार्च को किया गया। पंचतत्व—भूमि, जल, अग्नि, वायु और आकाश—पर आधारित पर्यावरणीय मूल्यों की जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस विशेष महोत्सव का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर डिंपल विनोद मेहता के हाथों हुआ, जबकि आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा के मार्गदर्शन में यह आयोजन संपन्न हो रहा है। इस अवसर पर उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील, स्थायी समिति अध्यक्ष हसमुख गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद पदाधिकारियों ने पर्यावरण अनुकूल स्टॉल्स और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पर्यावरणीय प्रोजेक्ट्स की सराहना करते हुए महापौर मेहता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने “एक पेड़ – एक जिम्मेदारी” का संकल्प लेने और “घरोघरी नर्सरी” की अवधारणा को अपनाने का आह्वान किया। आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने कहा कि “माझी वसुंधरा” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाएं और अपने घरों में पौधारोपण को बढ़ावा दें। महोत्सव के अंतर्गत नागरिकों और छात्रों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, जिनमें किचन गार्डन (परसबाग), पर्यावरण प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, मैंग्रोव क्लीनिंग, वॉल पेंटिंग, सर्वश्रेष्ठ ग्रीन स्कूल और ग्रीन हाउसिंग सोसायटी शामिल हैं। विजेताओं को 22 मार्च को सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव में औषधीय पौधों, बीज, नर्सरी, आयुर्वेदिक उत्पाद, हस्तकला और हैंडलूम वस्त्रों के स्टॉल्स लगाए गए हैं। साथ ही सोलर ऊर्जा, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और अन्य पर्यावरण अनुकूल तकनीकों का भी प्रदर्शन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक नागरिकों के लिए स्टॉल्स खुले रहेंगे। 22 मार्च को सुबह “ग्रीन मैराथन” और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। महानगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान दें।




