
लातूर। महाराष्ट्र के लातूर नगर निगम (LMC) के आयुक्त बाबासाहेब मनोहरे की हालत शनिवार रात 5 अप्रैल को कथित आत्महत्या के प्रयास के बाद गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने रात करीब 11:15 बजे अपने सरकारी आवास पर खुद को रिवॉल्वर से गोली मार ली। सूत्रों के मुताबिक, घटना से पहले मनोहरे ने अपने परिवार के साथ रात्रि भोजन किया और सामान्य बातचीत की। कुछ ही देर बाद, गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद परिजन कमरे में पहुंचे तो उन्हें गंभीर अवस्था में पाया। तुरंत उन्हें लातूर के सह्याद्री अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल के निदेशक डॉ. हनुमंत किनीकर ने बताया कि गोली उनके सिर के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे खोपड़ी में फ्रैक्चर हुआ और गोली बाहर निकल गई। इस घाव के चलते मस्तिष्क को गंभीर नुकसान हुआ है और खोपड़ी के टुकड़े मस्तिष्क के ऊतकों में धंस गए हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत को स्थिर करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और सर्जरी की तैयारी की जा रही है।
डॉ. किनीकर ने कहा, “गोली सिर के दाहिनी ओर से गुजरी, जिससे खोपड़ी में गंभीर चोट आई है और मस्तिष्क को नुकसान पहुंचा है। खोपड़ी के टुकड़े मस्तिष्क में फंसे हैं, जिन्हें ऑपरेशन से निकाला जाएगा। बाबासाहेब मनोहरे को एक सख्त अनुशासनप्रिय और मुखर अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने लातूर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त के रूप में कार्य किया था और बाद में नगर आयुक्त पद पर पदोन्नत हुए। इससे पहले वे मराठवाड़ा के धाराशिव और नांदेड़ जिलों में भी सेवाएं दे चुके हैं। यह घटना न सिर्फ प्रशासनिक हलकों में बल्कि स्थानीय समुदाय में भी गहरी चिंता और आश्चर्य का विषय बनी हुई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि आत्महत्या के प्रयास के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।




