Friday, September 5, 2025
Google search engine
HomeUncategorizedबॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर...

बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर ने ली शपथ

मुंबई। बॉम्बे उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर ने शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सी.पी.राधाकृष्णन ने शुक्रवार को राजभवन मुंबई के दरबार हॉल में आयोजित संक्षिप्त समारोह में उन्हें पद की शपथ दिलाई। शपथ पत्र पर हस्ताक्षर और प्रतिहस्ताक्षर के बाद राज्यपाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। मुख्यमंत्री सहित महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल, झारखंड, राजस्थान, दिल्ली, इलाहाबाद और बॉम्बे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, सेवानिवृत्त न्यायाधीश और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और राज्य गीत के गायन से हुई और समापन पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ हुआ। इससे पूर्व मुख्य सचिव राजेश कुमार ने भारत सरकार द्वारा जारी नियुक्ति अधिसूचना पढ़ी।
न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर का जीवन परिचय
न्यायमूर्ति चंद्रशेखर का जन्म 25 मई, 1965 को हुआ। उन्होंने 1993 में दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की और उसी वर्ष 9 दिसंबर को दिल्ली राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए। उन्होंने दिल्ली में फौजदारी और दीवानी मामलों में वकालत शुरू की और लगभग 19 वर्षों में करीब 3,500 मामलों का संचालन किया, जिनमें से अधिकांश भारत के सर्वोच्च न्यायालय में थे। लगभग 140 मामलों में वे सुप्रीम कोर्ट के फैसलों में अधिवक्ता के रूप में दर्ज हैं।वे अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद और झारखंड राज्य के स्थायी अधिवक्ता रहे तथा बिहार राज्य आवास बोर्ड, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद सहित कई निगमों एवं संस्थानों का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें 17 जनवरी 2013 को झारखंड उच्च न्यायालय, रांची के अतिरिक्त न्यायाधीश और 27 जून 2014 को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उन्होंने 29 दिसंबर 2023 से 4 जुलाई 2024 तक झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य किया। बाद में वे बॉम्बे उच्च न्यायालय में स्थानांतरित हुए और न्यायमूर्ति आलोक अराध्ये के सर्वोच्च न्यायालय में पदोन्नत होने के बाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बने।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments