धमकी भरे ई-मेल के बाद कोर्ट की कार्यवाही अस्थायी रूप से रोकी गई

जोधपुर। राजस्थान हाई कोर्ट की जोधपुर बेंच को मंगलवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल के बाद हाई कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया और पूरे क्षेत्र में हाई सिक्योरिटी अलर्ट घोषित कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, हाई कोर्ट प्रशासन को एक ई-मेल मिला जिसमें कोर्ट परिसर में विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया और वकीलों, कर्मचारियों तथा वादकारियों को तुरंत अदालत कक्ष खाली करने के निर्देश दिए गए।
बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की गहन तलाशी
जोधपुर पुलिस की टीमों ने डीसीपी (वेस्ट) विनीत बंसल के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड के साथ पूरे भवन की सघन जांच शुरू की। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कोर्ट कॉम्प्लेक्स के हर हिस्से, कोर्ट रूम और प्रशासनिक ब्लॉक की गहन तलाशी ली जा रही है।
कोर्ट कार्यवाही अस्थायी रूप से स्थगित
सुरक्षा कारणों से हाई कोर्ट प्रशासन ने कुछ समय के लिए अदालत की कार्यवाही रोक दी है। परिसर में लगाए गए नोटिस के अनुसार, सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही कोर्ट का कामकाज दोबारा शुरू किया जाएगा।
एंट्री पर सख्ती, पहचान पत्र अनिवार्य
सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अब परिसर में प्रवेश के लिए वैध पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है। सभी गेटों पर अतिरिक्त जांच व्यवस्था लागू की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यह पहली बार नहीं है जब राजस्थान हाई कोर्ट को ऐसी धमकी मिली हो। हाल के महीनों में भी कई बार ई-मेल के जरिए बम धमकियां दी गई थीं, जिनके बाद कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया था। 6 फरवरी 2026 को भी जयपुर और जोधपुर दोनों परिसरों को इसी तरह खाली कराना पड़ा था। लगातार मिल रही धमकियों से न्यायिक कार्यवाही प्रभावित हो रही है और वकीलों, कोर्ट स्टाफ तथा आम लोगों में चिंता बढ़ी है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान और इसकी विश्वसनीयता की जांच में जुटी हैं।




