
झांसी, उत्तर प्रदेश। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, राजस्व, विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत मण्डलीय समीक्षा बैठक नवीन आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त एवं आकाश कुलहरि (पुलिस महानिरीक्षक) ने चिन्हित माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त निदेशक अभियोजन को निर्देशित किया। उन्होंने अवैध शराब के निर्माण व बिक्री, गैंगस्टर, भू-माफिया, शराब माफिया, पशु तस्करी, जुआ-सट्टा और अवैध खनन पर सख्ती से कार्रवाई करने को कहा। साथ ही ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में एनएचएआई के सहयोग से पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। थानों में जनसुनवाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करें, चाहे वह व्यक्तिगत रूप से हो या फोन के माध्यम से, ताकि समस्याओं का गुणवत्तापरक समाधान सुनिश्चित हो सके और जनता का विश्वास बना रहे। शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा में जानकारी दी गई कि बामौर और बंगरा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का संचालन प्रारंभ हो गया है। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि इसी शैक्षिक सत्र से बालिकाओं की पढ़ाई सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े और क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिले। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने डूडा विभाग को निर्देशित किया कि सभी ग्राम पंचायतों और ब्लॉक स्तर पर पात्र लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाए। साथ ही आमजन को यह जानकारी भी दी जाए कि योजना का लाभ पूर्ण पारदर्शिता के साथ दिया जा रहा है। यदि कोई व्यक्ति अवैध धन की मांग करता है या गुमराह करने का प्रयास करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गेहूं खरीद की तैयारियों की समीक्षा में उपायुक्त खाद्य द्वारा अवगत कराया गया कि शासन के निर्देशानुसार 30 मार्च से झांसी मण्डल के तीनों जनपदों में गेहूं खरीद शुरू की जाएगी। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी खरीद केंद्रों पर निर्धारित समय से खरीद प्रक्रिया प्रारंभ हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पाइपलाइन कार्यों के बाद जिन सड़कों की खुदाई की गई है, उन्हें शीघ्र दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था अभी से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राजस्व वसूली, जीएसटी, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, परिवहन, लंबित न्यायिक वादों, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ‘लखपति दीदी’, छात्रवृत्ति प्रकरण, फैमिली आईडी, किसानों की आधार सीडिंग, निराश्रित गौवंश संरक्षण, दुग्ध विकास, आदर्श ग्राम योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएमश्री, पीएम स्वनिधि, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को पोषाहार वितरण, पर्यटन विकास, खाद्य आपूर्ति, औषधि प्रशासन और गैस की उपलब्धता जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मण्डल के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी ललितपुर सत्यप्रकाश, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसएसपी जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार, एसपी ललितपुर मोहम्मद मुश्ताक सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे। मण्डलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखें और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विकास कार्यों को गति दें, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।




