
मुंबई। महाराष्ट्र के कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बुधवार को राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने जिले के स्थानीय उद्योगों में आईटीआई छात्रों को अप्रेंटिसशिप (प्रशिक्षुता) प्रदान करें। इस फैसले से हजारों छात्रों को अपने ही जिले में वजीफे के साथ प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें रोजगार का सीधा मार्ग भी सुलभ होगा। राज्य में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘महाराष्ट्र अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना’ लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में मौजूद बुनियादी ढांचे का उपयोग करके युवाओं को व्यावहारिक और पेशेवर प्रशिक्षण देना है। मंत्री लोढ़ा ने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत हर वर्ष एक लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत 30 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों में कुल जनशक्ति के 2.5 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक प्रशिक्षुओं को स्थान देना अनिवार्य किया गया है। इसमें अनुबंध आधारित कर्मचारी भी शामिल हैं। राज्य कौशल विकास परीक्षा मंडल द्वारा निर्धारित 258 नामित, 414 वैकल्पिक तकनीशियन, 20 तकनीकी समूहों और 123 विभिन्न व्यवसायों में यह योजना लागू की जा रही है, जिनमें प्रशिक्षुता की अवधि 6 से 36 महीनों तक होती है। सरकार, अर्ध-सरकारी और निजी क्षेत्रों में प्रशिक्षु भर्ती को बढ़ावा देने के लिए, महाराष्ट्र शिक्षुता प्रोत्साहन योजना को बड़े पैमाने पर सक्रिय किया गया है। इसके अंतर्गत संशोधित पाठ्यक्रमों की समय-समय पर समीक्षा कर नए ट्रेडों को जोड़ा जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण देने वाली संस्थाओं को केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के अनुसार आर्थिक प्रतिपूर्ति भी दी जाएगी। इस निर्णय के बाद राज्यभर के हजारों आईटीआई छात्रों ने संतोष और उत्साह व्यक्त किया है। खास तौर पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में प्रशिक्षण लेने वाले करीब 200 छात्रों को अब फिर से अप्रेंटिसशिप के अवसर मिलने की उम्मीद जगी है। पिछले कुछ वर्षों से इन नियुक्तियों पर रोक थी, लेकिन अब मंत्री लोढ़ा ने इस दिशा में सक्रिय प्रयास शुरू कर दिए हैं और मुंबई महानगरपालिका आयुक्त को इस बाबत पत्र भी भेजा है।यह पहल न केवल छात्रों को रोजगारपरक अनुभव देगी, बल्कि राज्य की औद्योगिक उत्पादकता और मानव संसाधन विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। मंत्री लोढ़ा ने संकेत दिया है कि जल्द ही मुंबई सहित अन्य महानगरपालिकाओं में भी आईटीआई छात्रों के लिए अप्रेंटिसशिप के अवसर शुरू किए जाएंगे।




