
शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए महानगरपालिका का साप्ताहिक विशेष उपक्रम
मीरा-भाईंदर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के तहत मीरा-भाईंदर महानगरपालिका द्वारा “सघन स्वच्छता अभियान (Mass Deep Clean Drive)” की शुरुआत की गई है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को अधिक सक्षम, प्रभावी और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महानगरपालिका प्रशासन ने शहर को स्वच्छता में अग्रणी बनाने और नागरिकों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया है। महापौर डिंपल विनोद मेहता और महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद शर्मा के निर्देशानुसार इस अभियान की शुरुआत की गई। 20 फरवरी 2026 को महापौर डिंपल विनोद मेहता के नेतृत्व में प्रभाग समिति क्रमांक 05 के अंतर्गत सघन स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान की औपचारिक शुरुआत स्वच्छता की शपथ के साथ की गई। इस अवसर पर शहर की सलून एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को उपयोग किए गए ब्लेड के सुरक्षित निपटान के लिए ‘ब्लेड बिन’ का वितरण महापौर के हाथों किया गया। महानगरपालिका द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को शहर के चयनित क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से सघन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के हालिया चरण में प्रभाग समिति क्रमांक 05 के अंतर्गत कुल 10 स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे, उपायुक्त (घनकचरा प्रबंधन) डॉ. सचिन बांगर, कार्यकारी अभियंता शरद नानेगांवकर, सहायक आयुक्त (प्रभाग 05) जितेंद्र कांबले सहित नगरसेवक मनोज दुबे, अनिल विराणी, हेतल परमार, दीप्ति भट्ट, सीमा शाह, श्रद्धा कांबली, संजय पवार और जय ठाकुर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक सड़कें, फुटपाथ, नाले, बाजार क्षेत्र, कचरा संकलन केंद्र, भीड़भाड़ वाले स्थान तथा स्वच्छता की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष सफाई की गई। सफाई कार्य को प्रभावी बनाने के लिए जेटिंग मशीन, सक्शन मशीन और रोड स्वीपिंग मशीन जैसी आधुनिक यांत्रिक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर थूक से बने दागों की पहचान कर “रेड स्पॉट” अभियान के तहत विशेष सफाई की जा रही है तथा संबंधित व्यक्तियों पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है। खुले में पेशाब या गंदगी पाए जाने वाले स्थानों पर “येलो स्पॉट” कार्रवाई के माध्यम से प्रतिबंधात्मक उपाय किए जा रहे हैं। इसके अलावा अवैध पोस्टर, बैनर और स्टिकर हटाकर शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले व्यक्तियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, थूकने या गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ विशेष टीमों द्वारा कार्रवाई कर स्वच्छता के प्रति अनुशासन स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सघन स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं निरोगी बनाने में सहयोग करें। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका स्वच्छता क्षेत्र में पुनः उल्लेखनीय स्थान प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



