
छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व नाम औरंगाबाद) हवाई अड्डे पर एक दुखद घटना के चलते रविवार रात इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई-वाराणसी उड़ान की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार 89 वर्षीय महिला यात्री सुशीला देवी, जो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की निवासी थीं, को उड़ान के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर विमान को रात करीब 10 बजे चिकलथाना एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान के उतरते ही मेडिकल टीम ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। एयरलाइन के अनुसार, सुशीला देवी मुंबई से सवार हुई थीं और वाराणसी जा रही थीं। उनके निधन के बाद शव को छत्रपति संभाजीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर एमआईडीसी सिडको पुलिस स्टेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं, जिसके बाद विमान को वाराणसी के लिए रवाना कर दिया गया। यह घटना एक बार फिर हवाई यात्राओं के दौरान आपात चिकित्सा व्यवस्था की अहमियत को रेखांकित करती है। एयरलाइन ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।




