Monday, March 30, 2026
Google search engine
HomeIndiaवैश्विक संकट के बीच भारत की संतुलित नीति, महाराष्ट्र में पीएनजी और...

वैश्विक संकट के बीच भारत की संतुलित नीति, महाराष्ट्र में पीएनजी और खाद आपूर्ति पर विशेष फोकस: मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई। वैश्विक संकट और पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच भारत ने संतुलित और प्रभावी नीति अपनाई है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ऐसी रणनीति अपनाई है, जिससे देश पर नकारात्मक प्रभाव कम हुआ है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें महाराष्ट्र की ओर से मुख्यमंत्री फडणवीस ने राज्य की स्थिति और उठाए गए कदमों की जानकारी दी। इस बैठक में अमित शाह, राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।

महाराष्ट्र में खाद और पीएनजी आपूर्ति पर सतत निगरानी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है और आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए लगातार समीक्षा की जा रही है। कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अ‍ॅग्रीस्टॅक प्रणाली के माध्यम से कृषि से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल रूप से जोड़ा जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी। राज्य में पाईप्ड नॅचरल गॅस (पीएनजी) वितरण को भी तेज किया गया है और ‘ईज ऑफ डुइंग बिजनेस’ के तहत प्रक्रियाओं को सरल बनाया जा रहा है।
वैश्विक हालात का असर, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रित
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विश्व के कई देशों में संकट के कारण गंभीर हालात बने हैं। फिलीपींस में राष्ट्रीय आपातकाल, थाईलैंड में यात्रा प्रतिबंध, श्रीलंका में अतिरिक्त सार्वजनिक अवकाश और पाकिस्तान में ‘वर्क फ्रॉम होम’ जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और मिस्र जैसे देशों ने भी विभिन्न प्रतिबंध लगाए हैं, लेकिन भारत ने स्थिति को अपेक्षाकृत सामान्य बनाए रखने में सफलता हासिल की है।
ईंधन कीमतों में राहत और ऊर्जा क्षेत्र में सुधार
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बढ़ती वैश्विक ईंधन कीमतों के बावजूद केंद्र सरकार ने उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में कटौती कर आम जनता को राहत दी है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में किए गए सुधारों का लाभ अब मिल रहा है। पहले जहां 27 देशों से ईंधन आयात होता था, अब यह संख्या 41 देशों तक पहुंच गई है, जिससे आपूर्ति बाधित होने का खतरा कम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-बस, सौर ऊर्जा और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर दिया गया जोर भी इस संकट के समय उपयोगी साबित हो रहा है। साथ ही एलपीजी की आपूर्ति भी देशभर में सुचारू रूप से जारी है। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने भी मध्यपूर्व के हालात और केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी साझा की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments