
मुंबई। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि भारत को पाँच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में महाराष्ट्र की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने बताया कि अटल सेतु, तटीय सड़क, समृद्धि महामार्ग और मेट्रो नेटवर्क जैसी विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचा परियोजनाएँ राज्य को विकास की तीव्र गति से आगे बढ़ा रही हैं। महाराष्ट्र के प्रशिक्षण दौरे पर आए भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को उपमुख्यमंत्री शिंदे से उनके मुक्तागिरी स्थित आवास पर भेंट की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री उदय सामंत, उपमुख्यमंत्री के प्रधान सचिव नवीन सोना, और भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी योजना पटेल, प्रतिभा पारकर-राजाराम, परमिता त्रिपाठी, अंकन बनर्जी, स्मिता पंत, विश्वदीप डे, सी. सुगंध राजाराम उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल का समन्वय यशदा के उप महानिदेशक त्रिगुण कुलकर्णी ने किया। शिंदे ने कहा कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) में महाराष्ट्र शीर्ष पर है और राज्य ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन विकास और आवास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुंबई में किफायती घर बनाकर आम नागरिकों का अपने घर का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर के हिवाली गाँव स्थित एक स्कूल और वहाँ के छात्रों व शिक्षकों की सराहना की तथा प्रतिनिधिमंडल से आग्रह किया कि इस स्कूल का दौरा अवश्य किया जाए। शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र बुनियादी ढाँचे का जाल बिछाकर औद्योगिक विस्तार कर रहा है और यह न केवल राज्य, बल्कि पूरे देश के विकास की रीढ़ बनने की दिशा में अग्रसर है।