
सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के सामने बने आधुनिक फ्लाईओवर से औंध-बाणेर-शिवाजीनगर मार्ग की यातायात व्यवस्था होगी सुगम
पुणे। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पुणे जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा अत्यंत आवश्यक है और शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने के लिए सरकार बहुआयामी योजना पर काम कर रही है। उन्होंने यह बात सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के सामने बने एकात्मिक दुमंजिला फ्लाईओवर के लोकार्पण के अवसर पर कही। मुख्यमंत्री फडणवीस ने रविवार को दूरदृश्य प्रणाली के माध्यम से इस फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं पुणे जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ, राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ, महापौर मंजुषा नागपुरे, विधायक सिद्धार्थ शिरोळे, पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) के आयुक्त डॉ. योगेश म्हसे तथा पुणे महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय चौक के पुराने पुल को हटाकर नया दुमंजिला फ्लाईओवर बनाने के निर्णय के समय कई तरह की चुनौतियां और मतभेद सामने आए थे, लेकिन सभी पक्षों को विश्वास में लेकर यह परियोजना सफलतापूर्वक पूरी की गई। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को आगे बढ़ाने में दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि पुणे देश के तेजी से विकसित होने वाले शहरों में से एक है। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के बाद अब पुणे ‘ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स’ का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है। ऐसे में शहर के विकास को गति देने के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाओं का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे में सड़कों के लिए उपलब्ध जगह सीमित है, इसलिए फ्लाईओवर, ग्रेड सेपरेटर, अंडरपास और सार्वजनिक परिवहन के विस्तार के माध्यम से यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में जमीन पर, आकाश में और जमीन के नीचे—तीनों स्तरों पर यातायात परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दो रिंग रोड परियोजनाएं भी लागू की जा रही हैं तथा मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि विश्वविद्यालय के सामने बना यह आधुनिक दुमंजिला फ्लाईओवर पुणे शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे गणेशखिंड रोड और विश्वविद्यालय परिसर के आसपास लंबे समय से बनी रहने वाली ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस फ्लाईओवर की संरचना एकात्मिक है, जिसमें ऊपरी स्तर पर मेट्रो मार्ग और नीचे सड़क यातायात के लिए फ्लाईओवर बनाया गया है। औंध और बाणेर से शिवाजीनगर की ओर जाने वाली यातायात के लिए अलग रैंप, शिवाजीनगर से बाणेर और पाषाण की ओर जाने के लिए अलग फ्लाईओवर, सेनापति बापट रोड से कनेक्टिविटी तथा अंडरपास जैसी सुविधाओं के कारण इस क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक तेज और सुगम होगी। केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ ने बताया कि पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) के माध्यम से लगभग 277 करोड़ रुपये की लागत से 1,763 मीटर लंबा यह फ्लाईओवर बनाया गया है। इससे शिवाजीनगर, औंध, बाणेर और पाषाण क्षेत्र की यातायात समस्या में काफी कमी आएगी। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




