
मथुरा, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। वृंदावन स्थित अक्षयपात्र में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों नेता सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के पहले दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ब्रजभूमि में आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ‘राधे-राधे’, ‘वृंदावन बिहारी लाल’, ‘राधा रानी’, ‘यमुना मैया’, ‘हर-हर महादेव’, ‘जय श्रीराम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ अपने वक्तव्य की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन युवा ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता के प्रतीक हैं। बिहार विधानसभा में पांचवीं बार विधायक के रूप में सेवा दे चुके नितिन नबीन ने संगठन के विभिन्न दायित्वों का सफल निर्वहन किया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। इस दायित्व के बाद योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन धरा पर उनका प्रथम आगमन अत्यंत आह्लादकारी है। सीएम योगी ने ब्रजभूमि की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव और बलदेव जैसे तीर्थस्थल हजारों वर्षों से सनातन संस्कृति और आस्था के केंद्र रहे हैं। यहां की रज-रज और कण-कण में श्रीकृष्ण, राधा रानी और अनंत सांस्कृतिक विरासत की अनुभूति आज भी श्रद्धालु करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि भी मथुरा में स्थित है और प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से ब्रज क्षेत्र आध्यात्मिक विरासत के साथ विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बन चुका है। पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है। डबल इंजन सरकार डबल स्पीड से बड़े-बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतार रही है और हर नागरिक को सुरक्षा का अहसास करा रही है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बिना भेदभाव किसान, युवा, महिलाएं और वंचित वर्ग को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी का नौजवान अपनी पहचान को लेकर गर्व महसूस करता है। एक समय था जब प्रदेश को बीमारू कहकर उसकी विरासत का उपहास किया जाता था, लेकिन आज वही उत्तर प्रदेश देश के विकास अभियान में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास इस बदलाव का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में जो विकास की गति पकड़ी है, उसे और तेज करने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समर्पण भाव से कार्य करेगा और वर्तमान के साथ भविष्य के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाएगा।




