
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में वार्ड क्रमांक 94 के मतदाताओं ने एक बार फिर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार प्रज्ञा दीपक भुतकर पर भरोसा जताते हुए उन्हें पहले से अधिक मतों के अंतर से विजयी बनाया है। इस जीत के साथ मतदाताओं ने उनकी जनसेवक के रूप में भूमिका को दोबारा स्वीकार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) की उम्मीदवार प्रज्ञा दीपक भुतकर को 10,337 वोट मिले, शिवसेना (शिंदे गुट) की उम्मीदवार पल्लवी सरमलकर को 7,977 वोट, एनसीपी की उम्मीदवार रश्मि रूपेश मालुसरे को 6,832 वोट, कांग्रेस की उम्मीदवार सुप्रिया पाठक को 2,663 वोट प्राप्त हुए। वहीं, अपक्ष (स्वतंत्र) उम्मीदवारों में से कोई भी 700 वोट का आंकड़ा पार नहीं कर सका। गौरतलब है कि वर्ष 2017 के बीएमसी चुनाव में प्रज्ञा दीपक भुतकर को 8,617 वोट मिले थे, जबकि उस समय मनसे की उम्मीदवार रहीं रश्मि मालुसरे को 6,942 वोट प्राप्त हुए थे। इस बार भूतकर को मिले वोटों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी यह दर्शाती है कि क्षेत्र में उनका जनाधार और मजबूत हुआ है। इस जीत के साथ प्रज्ञा दीपक भूतकर को लगातार दूसरी बार मतदाताओं ने सेवा का अवसर दिया है। उल्लेखनीय है कि उनके पति दीपक भुतकर भी पूर्व में इसी क्षेत्र से नगरसेवक रह चुके हैं। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि वार्ड 94 में भूतकर दंपति का राजनीतिक दबदबा पिछले करीब 20 वर्षों से कायम है।
शिवसेना के विभाजन के बाद भी मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) का प्रभाव बना रहना इस परिणाम से स्पष्ट होता है। वहीं, शिंदे गुट को अपेक्षित लाभ मिलता हुआ नहीं दिखा। कई वार्डों में वही उम्मीदवार विजयी हुए, जो विभाजन के समय शिंदे गुट में शामिल हुए थे, लेकिन कुल मिलाकर वार्ड 94 का जनादेश शिवसेना (यूबीटी) के पक्ष में मजबूती से गया है।




