
इंद्र यादव/पालघर। महाराष्ट्र राज्य उत्पादन शुल्क विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पालघर जिले के तलासरी क्षेत्र में भारी मात्रा में शराब और बीयर की खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में कुल 77.12 लाख रुपये मूल्य का माल और एक ट्रक कब्जे में लिया गया है।
दापचरी सीमा जांच नाके पर कार्रवाई
उत्पादन शुल्क विभाग की टीम ने दापचरी सीमा जांच नाके पर नाकेबंदी के दौरान यह कार्रवाई की। उत्पादन शुल्क निरीक्षक राम सूर्यवंशी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने एक संदिग्ध आयशर ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई।
615 बॉक्स ब्रांडेड शराब बरामद
अधिकारियों ने ट्रक से कुल 615 बॉक्स शराब और बीयर जब्त किए हैं। जब्त किए गए माल में प्रसिद्ध ब्रांड शामिल हैं, जिनमें रॉयल स्टैग, इंपीरियल ब्लू और डीएसपी ब्लैक बीयर के साथ-साथ टुबॉर्ग, किंगफिशर और बडवाइज़र बीयर शामिल हैं।
एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
विभाग ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में तलासरी पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।




