Sunday, October 19, 2025
Google search engine
HomeBusinessअंधेरी के HOPS Kitchen & Bar पर नाबालिगों को शराब परोसने का...

अंधेरी के HOPS Kitchen & Bar पर नाबालिगों को शराब परोसने का आरोप, दो युवतियां अस्पताल में भर्ती

मुंबई। मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) स्थित लोखंडवाला इलाके में संचालित HOPS Kitchen & Bar (जिसे All Spice Kitchen & Bar नाम से भी जाना जाता है) पर नाबालिग लड़कियों को शराब परोसने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस घटना के बाद दो युवतियों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, यह घटना गुरुवार देर रात की है जब 16 और 21 वर्ष की दो लड़कियाँ उक्त बार में पार्टी के लिए गई थीं। आरोप है कि बार के कर्मचारियों ने बिना उम्र या पहचान की जांच किए उन्हें वोडका परोसी। शराब पीने के कुछ ही समय बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों ने पुष्टि की कि भर्ती के समय दोनों युवतियां शराब के प्रभाव में थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िताओं की पहचान गुप्त रखी गई है, पर सुरक्षा कारणों से उनके नाम नेहा (16) और निशा (21) के रूप में बदल दिए गए हैं। यह मामला ओशिवारा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। पुलिस ने बार प्रबंधन, स्टाफ और सर्विस प्रक्रिया को लेकर जांच शुरू कर दी है। बार के लाइसेंस, सीसीटीवी फुटेज और बिलिंग रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नाबालिगों को शराब किस परिस्थिति में परोसी गई। स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। एक निवासी ने कहा, “नाबालिगों को शराब परोसना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि उनके जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है। प्रशासन को ऐसे स्थानों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बॉम्बे प्रोहिबिशन एक्ट और बाल संरक्षण कानूनों (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो बार प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर इस सवाल को उठाती है कि मुंबई के उपनगरीय इलाकों में संचालित कई बार और पब किस हद तक कानून की अनदेखी करते हुए नाबालिगों को शराब परोस रहे हैं — जिससे न केवल सामाजिक नैतिकता पर सवाल उठता है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां भी उजागर होती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments