
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में मुंडवा इलाके में देर रात एक हिट एंड रन की घटना में एक फूड डिलीवरी एक्जीक्यूटिव की मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब लग्जरी कार की चपेट में आने से रऊफ शेख नामक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने बाद में हडपसर इलाके से आरोपी आयुष तायल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले एक अन्य दोपहिया वाहन को टक्कर मारी, जिससे तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद उसने रऊफ शेख की बाइक को टक्कर मारी, जिससे शेख गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की कार की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ मुंढवा थाने में भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।