
मुंबई। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा (आईएनसीओआईएस) ने 25 जून 2025 को शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक कोंकण तट पर ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की है और मछुआरों व छोटी नौकाओं को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, राज्य के रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग जिलों के साथ-साथ पुणे और सतारा घाट क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, हालांकि फिलहाल बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। पिछले 24 घंटों (23 जून की सुबह तक) में पालघर जिले में सर्वाधिक 73.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सिंधुदुर्ग में 36.4 मिमी, रत्नागिरी में 25.8 मिमी, ठाणे में 14.3 मिमी और कोल्हापुर में 13.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई है। बारिश के कारण राज्य में तीन लोगों की मौत हुई है—ठाणे जिले में एक व्यक्ति बाढ़ में बह गया और एक अन्य चट्टान से गिरकर मारा गया, जबकि पुणे जिले में नदी में बह जाने से एक व्यक्ति की जान चली गई। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।




