
धुले। धुले–पुणे नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां धुले से करीब 16 किलोमीटर दूर कपिधरवाड़ रोड इलाके के पास एक जीएसटी अधिकारी अपनी कार में मृत पाए गए। शुरुआती तौर पर मामले को लेकर साजिश की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन बाद में पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसके बाद आत्महत्या की संभावना सामने आई है। मृतक की पहचान सचिन जाधववर के रूप में हुई है, जो शिवनगर के निवासी थे और मूल रूप से सोलापुर जिले की बार्शी तहसील के चंब गांव से ताल्लुक रखते थे। वह जीएसटी अधिकारी के पद पर कार्यरत थे और साथ ही महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच एक लोकप्रिय शिक्षक के रूप में भी जाने जाते थे। पुलिस के अनुसार, सचिन जाधववर सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। तलाश के दौरान उनकी कार कपिधरवाड़ रोड इलाके में खड़ी मिली। जब पुलिस ने गाड़ी खोली तो जाधववर अंदर बेहोश अवस्था में पाए गए। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जाधववर की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में उन्होंने कथित तौर पर काम के अत्यधिक दबाव को आत्महत्या का कारण बताया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। सचिन जाधववर को एक होनहार छात्र और शिक्षक के रूप में जाना जाता था। उन्होंने वर्ष 2012 में एमपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की थी और इसके बाद सरकारी सेवा में आए। अपने यूट्यूब चैनल “एम इंग्लिश” के माध्यम से उन्होंने राज्यभर के लाखों प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों को इंग्लिश ग्रामर और शब्दावली की शिक्षा दी। इसके अलावा उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कई संदर्भ पुस्तकें भी लिखी थीं। फिलहाल पुलिस इस मामले में परिवार के सदस्यों, सहकर्मियों और करीबी लोगों के बयान दर्ज कर रही है, ताकि घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट किया जा सके। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




