
ठाणे। ठाणे में गुड़ी पड़वा और नववर्ष के अवसर पर पारंपरिक उत्साह और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर की सांस्कृतिक परंपरा के अनुसार उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कोपिनेश्वर मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना और अभिषेक किया। इसके बाद नववर्ष स्वागत समिति के साथ भव्य जुलूस निकालकर नए साल का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर निकली पारंपरिक पालकी यात्रा में भी उप मुख्यमंत्री ने भाग लिया। शहर के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, बैंकिंग और सांस्कृतिक संगठनों ने सजे-धजे रथों के साथ जुलूस में हिस्सा लेकर माहौल को और रंगीन बना दिया। जुलूस की खास बात यह रही कि इसमें पर्यावरण संरक्षण, अंगदान, आयुर्वेद, संतुलित आहार और मानसिक स्वास्थ्य जैसे सामाजिक संदेशों को प्रदर्शित करने वाले रथ शामिल थे। वहीं, बच्चों द्वारा मल्लखंभ और शारीरिक व्यायाम के शानदार प्रदर्शन ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे शहर में उत्सव, उल्लास और परंपरा की झलक दिखाई दी, जिससे गुड़ी पड़वा का उत्साह और बढ़ गया। इस मौके पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद नरेश म्हस्के, विधायक संजय केलकर, पूर्व विधायक रवींद्र फाटक, महापौर शर्मिला पिंपोलकर, उपमहापौर कृष्णा पाटिल और सौरभ राव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, महायुति के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ठाणेकर नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शहर में नववर्ष की खुशियों, परंपराओं और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला।




