
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने पुस्तक के अंशों को पाठ्यपुस्तकों में शामिल करने की मांग की
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कार्यों पर आधारित पुस्तक ‘मोदी का मिशन’ का विमोचन शुक्रवार को राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत के हाथों किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित रहे। पुस्तक के लेखक बर्जिस देसाई हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले ग्यारह वर्षों में अनेक असंभव माने जाने वाले कार्यों को साकार किया है। शिंदे के शब्दों में, यह पुस्तक केवल एक जीवनी नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी की दृष्टि, कार्यशैली और संघर्ष का वास्तविक दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि मोदी के व्यक्तित्व को किसी एक पुस्तक में समेटना कठिन है, फिर भी यह कृति देश के वर्तमान और भविष्य दोनों का सार प्रस्तुत करती है। शिंदे ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पुस्तक के प्रेरणादायक अंशों को स्कूली पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जाए, ताकि नई पीढ़ी मोदी के नेतृत्व से प्रेरणा ले सके। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की प्रगति ने वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा को ऊंचा किया है और दुनिया भारत को सम्मान की दृष्टि से देख रही है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लेखक के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक पाठकों को प्रधानमंत्री मोदी के जीवन दर्शन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण की गहरी समझ प्रदान करेगी। समारोह के दौरान फडणवीस ने भी पुस्तक को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह भविष्य में ऐतिहासिक संदर्भ का मूल्यवान हिस्सा बनेगी।




