Friday, April 18, 2025
Google search engine
HomeBusinessमुंबई में गणेश उत्सव की धूम: 2,500 से अधिक पंडालों को अनुमति,...

मुंबई में गणेश उत्सव की धूम: 2,500 से अधिक पंडालों को अनुमति, सादे कपड़े में तैनात होगी पुलिस

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गणेश उत्सव की धूमधाम शुरू हो गई है। 2,500 से अधिक गणेश मंडलों और लाखों परिवारों ने शनिवार से दस दिवसीय गणेश उत्सव मनाना शुरू कर दिया है। बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को गणेश मंडलों से 3,358 आवेदन मिले थे, जिनमें से शुक्रवार तक 2,635 मंडलों को पंडाल लगाने की अनुमति दी जा चुकी है। 300 से अधिक आवेदन अब भी स्वीकृति के लिए लंबित हैं। गणेश मंडल, जो सार्वजनिक स्थानों पर गणेशोत्सव मनाते हैं, ने इस साल भी उत्साहपूर्वक इस त्योहार की तैयारी की है। शनिवार को घरों और पंडालों में विधि-विधान से गणेश प्रतिमाओं की स्थापना हुई ।
सीएम शिंदे की अपील
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गणेश उत्सव के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं और इस त्योहार को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाने का आग्रह किया है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ पर्यावरण को भी ध्यान में रखते हुए उत्सव मनाएं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गणेश उत्सव के दौरान मुंबई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ करीब 15,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 32 पुलिस उपायुक्त, 45 सहायक आयुक्त, 2,435 अधिकारी, 12,420 कॉंस्टेबल, होमगार्ड, राज्य रिजर्व पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स, और दंगा नियंत्रण इकाई के कर्मी शामिल हैं।
महिलाओं की सुरक्षा और निगरानी
महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सादे कपड़ों में भी अधिकारियों की तैनाती की है। यह अधिकारी जुलूस, भक्तों की कतारों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में गतिविधियों की निगरानी करेंगे। इसके अलावा, पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की घोषणा की है जो विसर्जन के बाद गणेश प्रतिमाओं की तस्वीरें दिखाने पर प्रतिबंध का उल्लंघन करते हैं। शहर की तीनों मेट्रो लाइन पर गणेश उत्सव के दौरान अंतिम ट्रेन के परिचालन का समय बढ़ा दिया गया है, जिससे रात के समय पंडालों में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा हो सके। मुंबई में गणेश उत्सव की रौनक हर साल की तरह इस साल भी देखते ही बन रही है। शहर भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम और धार्मिक उत्साह के साथ, गणेशोत्सव का यह पर्व शहरवासियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनने वाला है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments