
मुंबई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को मीरा-भायंदर महानगरपालिका की बस सेवाओं में महिलाओं को पूरे दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा महानगरपालिका परिवहन उपक्रम की सभी बसों में लागू रहेगी, जो शहर के भीतर तथा ठाणे और बोरीवली मार्गों पर संचालित होती हैं। मीरा-भायंदर महानगरपालिका की महापौर डिंपल विनोद मेहता ने महिलाओं के सम्मान में यह विशेष सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुक्त को पत्र लिखकर प्रस्ताव दिया था। इसके बाद महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा ने परिवहन विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। महापौर की पहल पर यह सुविधा महिला यात्रियों के सम्मान में लागू की जा रही है। महानगरपालिका परिवहन उपक्रम पिछले पांच वर्षों से महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा प्रदान करता आ रहा है। इस पहल को शहर की महिलाओं से हर वर्ष अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और बड़ी संख्या में महिलाएं इसका लाभ उठाती हैं। महानगरपालिका के आंकड़ों के अनुसार 8 मार्च 2021 को 11,552, वर्ष 2022 में 21,461, वर्ष 2023 में 25,838, वर्ष 2024 में 22,131 तथा 8 मार्च 2025 को 33,432 महिलाओं ने मुफ्त बस यात्रा का लाभ लिया था। हर वर्ष बढ़ती संख्या से इस पहल के प्रति महिलाओं में सकारात्मक भावना दिखाई दे रही है। महानगरपालिका के अनुसार इस उपक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना तथा समाज में महिला सम्मान और महिला सशक्तिकरण का संदेश देना है। महापौर डिंपल मेहता, उपमहापौर ध्रुवकिशोर मन्साराम पाटील, स्थायी समिति सभापति हसमुख गेहलोत और महानगरपालिका प्रशासन की ओर से शहर की सभी महिलाओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है।




