
ठाणे। मीरा रोड, काशीगांव पुलिस एक ऐसे आरोपी की तलाश में है, जिसने नेपाल सरकार के टेंडर दिलाने का झांसा देकर मीरा रोड के एक व्यवसायी से करीब 2.25 करोड़ रुपये की ठगी की। आरोपी ने भारी मुनाफे का वादा कर पीड़ित को निवेश के लिए राजी किया था। पीड़ित व्यवसायी रोमित सोलंकी (38) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह सांवरमल अग्रवाल नामक व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने दावा किया कि उसके रिश्तेदार- खासकर नेपाल में स्थित उसकी बहन और बहनोई- एक ऐसी कंपनी चलाते हैं जिसने नेपाल सरकार के कई अहम विभागों, जैसे कि पासपोर्ट कार्यालय (विदेश मंत्रालय के अधीन), से टेंडर हासिल किए हैं। अग्रवाल ने सोलंकी का भरोसा जीतने के लिए उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा, जिसमें कथित तौर पर फर्जी वर्क ऑर्डर और दस्तावेज साझा किए गए। इन दस्तावेजों के आधार पर सोलंकी ने सितंबर 2022 से मार्च 2025 के बीच कई बार में करीब 2.25 करोड़ रुपये का निवेश कर दिया।
हालांकि लंबे समय तक कोई मुनाफा या प्रगति न होने पर सोलंकी को शक हुआ और उन्होंने काशीगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी अग्रवाल और उसके परिवारजनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या अग्रवाल ने वास्तव में अपने परिजनों को ये धनराशि भेजी थी या फिर खुद ही इसका दुरुपयोग किया।




