
गढ़चिरौली। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक चार नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ सीमा से सटे कवांडे और नेलगुंडा क्षेत्र में सी-60 कमांडो यूनिट और नक्सलियों के बीच हुई। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है और स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है। महाराष्ट्र पुलिस को इंद्रावती नदी के तटवर्ती क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों की जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर गुरुवार को भारी बारिश के बावजूद सी-60 और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन शुरू किया। शुक्रवार सुबह घने जंगल में घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर गोलीबारी की, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। लगभग दो घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों के शव बरामद किए, जिनके पास से हथियार, संचार उपकरण और नक्सल साहित्य भी मिला है। सूत्रों के अनुसार, अब भी कुछ नक्सली जंगल में छिपे हो सकते हैं, इसलिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। यह कार्रवाई गढ़चिरौली जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों की बड़ी सफलता मानी जा रही है और सुरक्षाबलों की रणनीति की सराहना हो रही है।




