
मुंबई। बीकेसी पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व अधिकारी दीपक काले के खिलाफ 86.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी दीपक काले, जो नवी मुंबई का रहने वाला है, 2010 से 2016 के बीच बैंक ऑफ इंडिया की बीकेसी शाखा में ट्रांजेक्शन बैंकिंग विभाग में कार्यरत था। 2012 में बैंक ने लिक्विडेटेड बैंक जमाकर्ताओं की दावा राशि जमा करने के लिए ईसीएस कलेक्शन पूल अकाउंट शुरू किया था, जिसका प्रबंधन डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (DICGC) कर रही थी। इस दौरान काले के बेटे अद्वैत काले की मेसर्स सोल्यूटेक नामक कंपनी भी थी, जिसका चालू खाता बैंक ऑफ इंडिया की बीकेसी शाखा में था। अपने कार्यकाल के दौरान दीपक काले ने बिना अनुमति के ईसीएस कलेक्शन पूल खाते से 2014-15 के बीच अपने बेटे की कंपनी के खाते में 68.67 लाख रुपये ट्रांसफर किए, साथ ही बैंक के स्टेशनरी अकाउंट से भी 18.07 लाख रुपये फर्म में भेजे। कुल मिलाकर, काले ने 86.75 लाख रुपये की अवैध ट्रांजेक्शन की। इस गड़बड़ी का पता चलते ही बैंक ऑफ इंडिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बीकेसी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।




