Sunday, April 12, 2026
Google search engine
HomeHealth & Fitnessझांसी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई तेज, KFC समेत कई प्रतिष्ठानों...

झांसी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई तेज, KFC समेत कई प्रतिष्ठानों के नमूने फेल

झांसी, उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने जनपद में मिठाई की दुकानों, होटल-रेस्टोरेंट और स्ट्रीट वेंडरों पर सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के तहत लगातार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं और ‘जागरूकता अभियान एवं एफडीए आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इसी क्रम में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स मोबाइल प्रयोगशाला द्वारा विभिन्न स्थानों पर खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच कर उपभोक्ताओं को सुरक्षित खानपान की जानकारी दी जा रही है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य पवन कुमार ने बताया कि टीम ने सिविल लाइन क्षेत्र स्थित केएफ़सी रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर रिफाइंड सोयाबीन तेल और मैदा के नमूने लिए थे। जांच रिपोर्ट में ये नमूने फेल पाए गए हैं, जिसके बाद संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा, प्राप्त सूचना के आधार पर रात में पुलिस बल के साथ सदर बाजार स्थित ‘क्वालिटी कबाब एंड चिकन सेंटर’ पर छापा मारकर तेल, ग्रेवी और चटनी के नमूने एकत्र किए गए। साथ ही साफ-सफाई संतोषजनक न पाए जाने पर संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। एफडीए टीम द्वारा मोबाइल लैब वैन के जरिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर खाद्य कारोबारियों और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही ठेले वालों को कटे-फटे फल-सब्जियां न बेचने के लिए भी निर्देशित किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि सभी खाद्य व्यवसायियों के लिए लाइसेंस या पंजीकरण अनिवार्य है। बिना लाइसेंस कारोबार करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें छह माह तक की सजा और पांच लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायतों के लिए विभाग का टोल फ्री नंबर 18001805533 और मोबाइल एप उपलब्ध है, जबकि जनपद स्तर पर जानकारी के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। अभियान के दौरान विभाग की टीम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments