
बीड। बीड़ जिले के अष्टी तालुका में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कई गाँवों में नागरिक फँस गए हैं। स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेज़ कर दिए गए हैं। नासिक से एक हेलीकॉप्टर बुलाया गया है, जो फँसे लोगों को एयरलिफ्ट करके सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाएगा। इसके अलावा, पुणे से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की एक विशेष टीम भी बीड भेजी जा रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार अष्टी तालुका के कड़ा गाँव में 11, सोभा निमगाँव में 14, घाटा पिंपरी में सात, पिंपरखेड में छह, धनोरा में तीन और डोंगरगन में तीन नागरिक फँसे हुए हैं। कुल मिलाकर छह गाँवों में 44 लोग संकट में हैं। आपातकालीन केंद्र ने बताया कि बीड के जिला कलेक्टर से हुई चर्चा के बाद प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित निकालने और आवश्यक सहायता पहुँचाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ग्रस्त गाँवों में फँसे सभी लोगों को जल्द से जल्द बचाना है।




