Sunday, April 12, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraगारे पालमा कोयला खदान से पहली खेप नागपुर पहुँची

गारे पालमा कोयला खदान से पहली खेप नागपुर पहुँची

ऊर्जा सुरक्षा होगी मजबूत: मुख्यमंत्री फडणवीस

नागपुर। राज्य की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ की गारे पालमा सेक्टर-2 कोयला खदान से कोराडी तापीय विद्युत केंद्र के लिए पहला कोयला रेलवे रैक नागपुर पहुँचा। रविवार को इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रैक को हरी झंडी दिखाकर कोयला हैंडलिंग परियोजना का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उच्च गुणवत्ता वाले कोयले से राज्य में ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और बाहरी निर्भरता कम होगी। उन्होंने बताया कि इससे न केवल बिजली दरों में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम में राज्य के राजस्व मंत्री एवं पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, महानिर्मिति के अध्यक्ष राधाकृष्णन बी, संचालक अभय हरणे, कार्यकारी संचालक नितीन वाघ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि गारे पालमा कोयला खदान 1,583.487 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है और इससे अगले 77 वर्षों तक उच्च गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध होगा। इस खदान में कुल 655.152 मिलियन टन कोयला उत्पादन की क्षमता है। मार्च 2026 से उत्पादन शुरू हो चुका है और अब तक 80,895.31 मीट्रिक टन कोयला निकाला जा चुका है।उन्होंने बताया कि इस खदान से कोराडी, चंद्रपुर और परळी के तापीय विद्युत केंद्रों को दीर्घकालीन कोयला आपूर्ति की जाएगी। इससे राज्य में लोडशेडिंग की समस्या कम होगी और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराना आसान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना न केवल ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करेगी, बल्कि राज्य के दीर्घकालीन सतत विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत में महानिर्मिति के अध्यक्ष राधाकृष्णन बी ने परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments