
पुणे। पिंपरी चिंचवाड़ के वराले इलाके में सोमवार को कैलाश स्टील कंपनी में गोलीबारी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने कंपनी के सुपरवाइजर पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें सुपरवाइजर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, और कर्मचारी असमंजस में हैं। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और कंपनी परिसर के पास दो राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में सुपरवाइजर के पेट में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। कंपनी के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों को बाइक पर आते हुए और घटना को अंजाम देते हुए देखा गया है। प्राथमिक जांच में पुलिस को संदेह है कि यह हमला कंपनी के मालिक से फिरौती वसूलने और कर्मचारियों में डर का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से किया गया हो सकता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए महलुंगे पुलिस स्टेशन की टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह संकेत मिला है कि हमलावर स्थानीय ग्रामीण हो सकते हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है और हमले के पीछे की मंशा का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस बीच, कंपनी और उसके आसपास की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद से कैलाश स्टील कंपनी के कर्मचारी और स्थानीय निवासी डरे हुए हैं। यह हमला स्थानीय उद्योग क्षेत्र की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।