
मुंबई। राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को तत्काल सहायता प्रदान करने को प्राथमिकता दी है। राहत और पुनर्वास मंत्री मकरंद जाधव-पाटिल ने गुरुवार को बताया कि जून 2025 में छत्रपति संभाजीनगर और अमरावती संभाग, तथा सितंबर-अक्टूबर 2024 में धाराशिव, छत्रपति संभाजीनगर और धुले जिलों में हुई फसल क्षति के लिए 368 करोड़ 86 लाख 85 हजार रुपये की राहत राशि मंजूर की गई है। इस संबंध में सरकारी निर्णय भी जारी कर दिए गए हैं। भारी बारिश और बाढ़ से हुई क्षति के मद्देनजर छत्रपति संभाजीनगर संभाग के लिए 14.54 करोड़, अमरावती संभाग के लिए 86.23 करोड़ और धाराशिव, छत्रपति संभाजीनगर व धुले जिलों के लिए 268.08 करोड़ रुपये की निधि मंजूर की गई है। मंत्री जाधव-पाटिल ने बताया कि सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है और जिला प्रशासन को प्रभावित फसलों का तुरंत पंचनामा कर सहायता वितरण के निर्देश दिए गए हैं। जून 2025 में छत्रपति संभाजीनगर संभाग के तहत छत्रपति संभाजीनगर जिले में 171 किसानों के 72.32 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए 16.01 लाख, हिंगोली जिले में 3,247 किसानों के 1,611.37 हेक्टेयर के लिए 360.45 लाख, नांदेड़ में 7,498 किसानों के 4,790.78 हेक्टेयर के लिए 1,076.19 लाख और बीड में 103 किसानों के 11 हेक्टेयर के लिए 1.99 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। अमरावती संभाग के तहत अमरावती जिले में 2,240 किसानों के 1,312.02 हेक्टेयर के लिए 275.79 लाख, अकोला जिले में 6,136 किसानों के 3,790.31 हेक्टेयर के लिए 405.90 लाख, यवतमाल में 186 किसानों के 130.50 हेक्टेयर के लिए 25.45 लाख, बुलढाणा में 90,383 किसानों के 87,390.02 हेक्टेयर के लिए 7,445.03 लाख और वाशिम जिले में 8,527 किसानों के 5,162.28 हेक्टेयर के लिए 471.21 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। सितंबर से अक्टूबर 2024 के दौरान धाराशिव जिले में 3,27,939 किसानों के 1,89,610.70 हेक्टेयर के लिए 26,143.38 लाख, छत्रपति संभाजीनगर में 7,548 किसानों के 4,891.05 हेक्टेयर के लिए 665.41 लाख और धुले जिले में 1 किसान के 0.3 हेक्टेयर के लिए 0.04 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। मंत्री जाधव-पाटिल ने कहा कि इस निर्णय से प्रभावित किसानों को त्वरित राहत मिली है और सरकार की संवेदनशीलता से किसान संतुष्ट हैं।