
मुंबई। राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा में सुधार करते हुए जल्द ही 1737 नई एंबुलेंस राज्य में उपलब्ध कराई जाएंगी। यह जानकारी उन्होंने विधायक गोपिचंद पडळकर द्वारा उठाए गए प्रश्न के उत्तर में दी। मंत्री आबिटकर ने कहा कि 108 (टोल फ्री) एंबुलेंस सेवा के माध्यम से नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं, हालांकि हाल में प्राप्त शिकायतों के आधार पर इसमें सुधार की आवश्यकता महसूस की गई है। उन्होंने बताया कि यह सेवा एजेंसियों के साथ अनुबंध और सामंजस्य करार (एमओयू) के तहत संचालित की जाती है और संबंधित एजेंसियों के लिए न्यूनतम वेतन कानून का पालन करना अनिवार्य है। यदि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। मंत्री ने आगे कहा कि सेवा में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने एक जांच समिति गठित की है। यह समिति सेवा की खामियों की समीक्षा कर उसे अधिक प्रभावी और तेज बनाने के लिए काम कर रही है। जांच रिपोर्ट अंतिम चरण में है और रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विधायक शरद सोनावणे, राजेश पवार और भास्कर जाधव ने भी उपप्रश्नों के माध्यम से चर्चा में भाग लिया।




