
नाशिक। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने घोषणा की कि नाशिक शहर के प्रत्येक संपत्ति धारक को जल्द ही प्रॉपर्टी कार्ड प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नागरिकों के काम मंत्रालय तक सीमित न रहें, बल्कि गांव स्तर पर ही पूरे किए जाएं। यह जानकारी उन्होंने शनिवार को नाशिक के आडगांव स्थित न्यू इंग्लिश स्कूल में आयोजित ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर’ के उद्घाटन अवसर पर दी। इस कार्यक्रम में राहुल ढिकले, डॉ. प्रवीण गेडाम, आयुष प्रसाद सहित कई अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री बावनकुळे ने बताया कि 1 जनवरी 2011 से पहले सरकारी जमीन पर रहने वाले नागरिकों को प्रॉपर्टी कार्ड देने का निर्णय लिया गया है। इससे उन्हें अपनी संपत्ति का वैध और कानूनी प्रमाण मिलेगा, जिससे बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और अन्य प्रक्रियाओं में सुविधा होगी।उन्होंने यह भी कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट, वन रजिस्ट्रेशन” योजना के तहत अब नागरिक जिले में कहीं भी अपनी संपत्ति का पंजीकरण कर सकेंगे, जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया सरल बनेगी। सरकार द्वारा आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। आगामी समय में महानगरपालिका क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।मंत्री ने बताया कि इस अभियान के पहले चरण में पूरे महाराष्ट्र में करीब 2.90 लाख लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ दिया गया है, जबकि नाशिक जिले में 12,259 नागरिकों को इसका फायदा मिला है। शिविर में नागरिकों को 7/12 उतारे, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, नॉन-क्रीमीलेयर प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, संजय गांधी निराधार योजना के लाभ सहित कई सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही, किसानों को 15 दिनों के भीतर खेत मापने की सुविधा देने का भी निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और दस्तावेजों का वितरण भी किया गया।




