
झांसी, उत्तर प्रदेश। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं और विभागीय प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों के निस्तारण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और गति दोनों बढ़ाई जाएं, ताकि आम जनता को समयबद्ध राहत मिल सके। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने गौशालाओं में गोवंश के रखरखाव और प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए। साथ ही मंडल के तीनों जनपदों में संचालित गौ आश्रय स्थलों में तैनात संरक्षकों/संचालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया। निरीक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए निर्देशित किया गया कि उप जिलाधिकारी सप्ताह में कम से कम एक बार तथा खंड विकास अधिकारी सप्ताह में दो बार गौशालाओं का निरीक्षण सुनिश्चित करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर जोर देते हुए मण्डलायुक्त ने सभी मंडलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने भ्रमण के दौरान कम से कम तीन गांवों का निरीक्षण करें और दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन तथा श्रमिक पंजीकरण से जुड़े पात्र लाभार्थियों का अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
महिला कल्याण विभाग की समीक्षा में कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत निरस्त किए गए आवेदनों पर भी चर्चा की गई। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक निरस्त आवेदन के कम से कम पांच स्पष्ट कारण दर्ज किए जाएं, जिससे उन पर पुनर्विचार संभव हो सके। इसके अलावा, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया गया, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चन्द्र केसरवानी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस.एन. त्रिपाठी, जेडी कृषि डॉ. एल.बी. यादव, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी, उप श्रमायुक्त किरण मिश्रा, उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण गुप्ता, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी.के. शर्मा सहित अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।




