Thursday, March 26, 2026
Google search engine
HomeCrimeगढ़चिरौली-छत्तीसगढ़ सीमा पर मुठभेड़: तीन माओवादी ढेर, सी-60 कमांडो शहीद

गढ़चिरौली-छत्तीसगढ़ सीमा पर मुठभेड़: तीन माओवादी ढेर, सी-60 कमांडो शहीद

अबूझमाड़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन तेज, एक जवान घायल

गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़ सीमा से सटे अबूझमाड़ के घने जंगलों में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में गढ़चिरौली पुलिस के सी-60 कमांडो दस्ते ने तीन माओवादियों को मार गिराया है। इस कार्रवाई में एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 5 फरवरी को हुई मुठभेड़ में एक माओवादी को ढेर किया गया था। इसके बाद घटनास्थल से दो और माओवादियों के शव बरामद किए गए। मौके से एक एके-47 राइफल और एक एसएलआर राइफल भी जब्त की गई है। मारे गए माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान अहेरी तालुका के दमरांचा निवासी 38 वर्षीय सी-60 कमांडो दीपक चिन्ना मडावी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें एयरलिफ्ट कर भामरागढ़ उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रशासन ने उन्हें शहीद घोषित किया है। उनकी शहादत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। भामरागढ़ तालुका के फोडेवाड़ा क्षेत्र के जंगलों में 3 फरवरी से चल रहा यह ऑपरेशन 6 फरवरी की सुबह फिर से तेज किया गया। इसी दौरान सुरक्षा बलों को एक महिला माओवादी और एक पुरुष माओवादी के शव बरामद हुए। अब तक कुल तीन माओवादी मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। मुठभेड़ में एक अन्य जवान, किष्टायपल्ली निवासी जोगा मडावी, को भी गोली लगी है। उन्हें हेलीकॉप्टर से बाहर निकाला गया। भामरागढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए गढ़चिरौली ले जाया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है। अबूझमाड़ क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और घने जंगलों वाला इलाका है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि और भी माओवादी इलाके में छिपे हो सकते हैं। इस कारण पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments