
मुंबई। मुंबई पुलिस की निर्भया स्क्वॉड की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से एक महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया गया। महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उसे तेज रक्तस्राव हो रहा था। एम्बुलेंस के आने में समय लग सकता था, ऐसे में मुंबई पुलिस के निर्भया स्क्वॉड ने स्थिति को तुरंत संभाला। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिसकर्मियों ने महिला को ढकने के लिए पोस्टर और बैनर इकट्ठे किए और इस प्रकार महिला को एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिलाने में सफल रहे। इसके बाद, पुलिस ने पूरी एहतियात बरतते हुए मां और नवजात को पेट्रोलिंग वैन में बिठाया और उन्हें इलाज के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल पहुंचाया। मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फणसालकर ने इस घटना को साझा करते हुए निर्भया स्क्वॉड की तारीफ की। उन्होंने कहा कि स्क्वॉड की त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशीलता ने एक महिला और उसके नवजात बच्चे की जान बचाई। यह घटना पुलिसकर्मियों की मानवता और जिम्मेदारी का अद्भुत उदाहरण है।