
मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में सक्रिय मेफेड्रोन (एमडी) निर्माण व तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसी का दावा है कि इस नेटवर्क के तार अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी और भगोड़े अपराधी सलीम डोला से जुड़े हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों में से एक ने कबूल किया कि फरवरी में डोला ने उसे फोन कर एमडी निर्माण के लिए प्रीकर्सर रसायन खरीदने को कहा और बदले में बड़ी रकम ऑफर की। इसके बाद आरोपी ने एक रसायन आपूर्तिकर्ता से संपर्क कर उसे बाजार मूल्य से अधिक कमीशन का लालच दिया और हर महीने बड़ी मात्रा में रसायन सप्लाई होने लगा। मार्च में 50 किलो, अप्रैल में 100 किलो, मई में 50 किलो, जून में 100 किलो और जुलाई में 100 किलो। पकड़े जाने से बचने के लिए दोनों ने बिना बिल रसायन की आपूर्ति की और फर्जी अंतिम उपयोग प्रमाणपत्र तैयार किए। डीआरआई की मुंबई, इंदौर और भोपाल इकाइयों ने 16-17 अगस्त को भोपाल के हुजूर तहसील के ग्राम जगदीशपुर (इस्लामनगर) स्थित गुप्त मेफेड्रोन लैब पर छापा मारा। जांच से पता चला कि कच्चा माल भिवंडी के अंजुर फाटा से मिनी ट्रक के जरिए भोपाल ले जाया जाता था और इस काम में दो और व्यक्तियों की संलिप्तता है। एजेंसी ने गिरोह से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पिछले साल मुंबई पुलिस ने सांगली जिले में करोड़ों की ड्रग बरामदगी के मामले में डोला के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था, लेकिन वह अब भी फरार है।




