Wednesday, March 11, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedइंदू मिल में डॉ.बाबासाहेब आंबेडकर का स्मारक दुनिया को देगा प्रेरणा: अण्णा...

इंदू मिल में डॉ.बाबासाहेब आंबेडकर का स्मारक दुनिया को देगा प्रेरणा: अण्णा बनसोडे

मुंबई। दादर स्थित इंदू मिल परिसर में निर्माणाधीन भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है, और यह स्मारक न केवल भारत के लिए, बल्कि समस्त विश्व के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। यह विश्वास महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष अण्णा बनसोडे ने व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि स्मारक का अनावरण दिसंबर 2026 तक कर दिया जाएगा। बनसोडे ने स्मारक स्थल का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) के मुख्य अभियंता प्रकाश भांगरे, समाज कल्याण विभाग के प्रादेशिक उपायुक्त बाळासाहेब सोळंकी, परियोजना प्रबंधक शशि प्रभु, भंते डॉ. राहुल बोधी महाथेरो, महापरिनिर्वाण दिन समन्वय समिति के महासचिव नागसेन कांबळे समेत एमएमआरडीए, मुंबई महानगरपालिका और सामाजिक न्याय विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष बनसोडे ने बताया कि स्मारक इमारतों का 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि डॉ.आंबेडकर की भव्य प्रतिमा का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वे शीघ्र ही दिल्ली जाकर इस प्रतिमा के निर्माण के संदर्भ में प्रसिद्ध शिल्पकार पद्मश्री राम सुतार से मुलाकात करेंगे।डॉ. आंबेडकर के विचारों और योगदान को विश्व समुदाय के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से बन रहे इस भव्य स्मारक के निर्माण कार्य की ज़िम्मेदारी विशेष नियोजन प्राधिकरण के रूप में एमएमआरडीए को सौंपी गई है। बनसोडे ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को समन्वय से कार्य करते हुए निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।स्मारक परिसर में निर्माणाधीन व्याख्यानगृह, ग्रंथालय, सभागृह और विपश्यना केंद्र जैसी सुविधाओं के लिए नागरिकों को दिशा-निर्देश देने वाले फलक जल्द से जल्द लगाने के आदेश भी उन्होंने दिए। साथ ही स्मारक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश जारी किए। यह स्मारक बाबा साहेब आंबेडकर के जीवन, विचार और सामाजिक न्याय की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रमुख केंद्र बनेगा और उनके विचारों को विश्व मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments