
झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी के जिलाधिकारी मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में घरेलू गैस, डीजल और पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में ईंधन की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने के विषय में विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियां घरेलू गैस सिलेंडरों की डिलीवरी केवल गैस बुकिंग के आधार पर ही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की जाएगी। यदि कहीं घरेलू गैस का अनधिकृत वितरण पाया गया तो संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को अपने कॉल सेंटर सक्रिय रखने तथा उपभोक्ताओं से नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता ई-केवाईसी के लिए संपर्क करता है तो उसकी प्रक्रिया तत्काल पूरी कराई जाए। जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस बुकिंग के बाद प्राप्त डीएसी (Delivery Authentication Code) के साथ ही सिलेंडर की डिलीवरी लें। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी उपभोक्ता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में तीनों प्रमुख गैस कंपनियां—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से गैस एजेंसियों को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि भारत सरकार के नियमों के अनुसार गैस सिलेंडर डिलीवरी की तिथि से अगली बुकिंग का अंतराल ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन निर्धारित किया गया है। इसलिए उपभोक्ता इस नियम का पालन करें। उन्होंने यह भी बताया कि गैस बुकिंग के बाद प्राप्त डीएसी नंबर संबंधित गैस एजेंसी के साथ साझा करने के बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी संभव होगी। बिना बुकिंग और डीएसी के किसी भी गैस एजेंसी द्वारा सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनसे जल्द प्रक्रिया पूरी कराने का अनुरोध किया गया है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जनपद में डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और ऑयल कंपनियों द्वारा रिटेल आउटलेट्स को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। इसलिए नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन की खरीद करें। साथ ही गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया कि यदि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या उत्पन्न हो तो तत्काल नजदीकी थाने को सूचना दें। बैठक में एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, एडीएम नमामि गंगे योगेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सीएमएस मेडिकल कॉलेज डॉ. सचिन माहौर, डीआईओएस रती वर्मा, सीएफओ आर.के. राय, एआरओ, सप्लाई इंस्पेक्टर तथा जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




