
मुंबई। दिशा सालियान की मौत मामले की सुनवाई अब बॉम्बे हाईकोर्ट की दूसरी बेंच के सामने होगी। बुधवार को यह मामला जस्टिस रेवती मोहिते-डेरे और जस्टिस नीला गोखले की बेंच के समक्ष आया था, लेकिन दिशा के पिता सतीश सालियान के वकील नीलेश ओझा ने तर्क दिया कि यह मामला हाईकोर्ट के रोस्टर के अनुसार जस्टिस सारंग कोतवाल और जस्टिस श्रीराम मोदक की बेंच के सामने आना चाहिए था। हाईकोर्ट ने रजिस्ट्री को निर्देश दिया कि वह मामले को उचित बेंच के समक्ष सूचीबद्ध करे।
याचिका में आदित्य ठाकरे पर आरोप
दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने एक याचिका दायर की है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की मौत के लिए शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे जिम्मेदार हैं। इससे पहले राशिद खान पठान ने भी दिशा की मौत को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर की थी। वकील नीलेश ओझा ने अनुरोध किया कि सतीश सालियान की आपराधिक रिट याचिका को इस जनहित याचिका के साथ जोड़ा जाए।
फिर से जांच और सीबीआई जांच की मांग
वकील नीलेश ओझा ने कहा कि इस याचिका को जल्द ही जस्टिस सारंग कोतवाल की पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए रखा जाएगा। दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को हुई थी, जिसे उस समय पुलिस ने आत्महत्या करार दिया था। दिशा के माता-पिता ने भी तब किसी पर शक नहीं जताया था। हालांकि, अब दिशा के पिता ने मामले की फिर से जांच, सीबीआई जांच और आदित्य ठाकरे की गिरफ्तारी जैसी मांगें की हैं।




