
मुंबई। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई के सभी फ्लाईओवरों की तुरंत मरम्मत और सड़क की सतह पर नई परत (रीसर्फेसिंग) बिछाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यह कार्य फरवरी तक पूरा होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने शहरी विकास विभाग को गुणवत्ता नियंत्रण प्रकोष्ठ स्थापित करने का आदेश भी दिया, जो मरम्मत कार्य की निगरानी करेगा। उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक में प्रधान सचिव नवीन सोना, एमएसआरडीए के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गायकवाड़ और अन्य अधिकारी मौजूद थे। मुंबई नगर आयुक्त भूषण गगरानी और एमएमआरडीए आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
मुंबई में कुल 24 फ्लाईओवर हैं, जिनमें से पांच एमएसआरडीए और 19 एमईपी के अंतर्गत हैं, जिन्हें मुंबई नगर निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जारी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही इन फ्लाईओवरों की मरम्मत और उबड़-खाबड़ सड़कों को समतल करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए। इसके अलावा, मुंबई नगर निगम के अंतर्गत आने वाले 42 फ्लाईओवरों और अटल सेतु की भी तुरंत मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं।




