
मुंबई। ठाणे जिला सामान्य अस्पताल के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल का काम शीघ्र पूरा किया जाए और इसे जल्द से जल्द नागरिकों की सेवा में शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल ठाणे के साथ ही मुंबई, रायगढ़, पालघर और नवी मुंबई के नागरिकों के लिए एक वरदान साबित होगा। अस्पताल में नवीनतम मशीनरी स्थापित की जाएगी और 1078 नए पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी शीघ्र आरंभ होगी। मंत्रालय के समिति कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने संबंधित विभागों को हर मंगलवार अस्पताल निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। इस बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश अबितकर, उपमुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव असीम गुप्ता, स्वास्थ्य सचिव निपुण विनायक, आयुक्त कादंबरी बलकवड़े, ठाणे जिला कलेक्टर अशोक शिंगारे समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अस्पताल परियोजना के तहत कुल 900 बिस्तरों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 500 बिस्तरों वाला जिला अस्पताल, 200 बिस्तरों वाला महिला अस्पताल और 200 बिस्तरों वाला रेफरल अस्पताल शामिल है। अब तक 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि विद्युतीकरण, मशीनरी स्थापना और अन्य तकनीकी कार्य प्रगति पर हैं। दिसंबर 2025 तक यह निर्माण कार्य पूर्ण कर अस्पताल को चालू करने की योजना है। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि अस्पताल के उन्नयन में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और मशीनरी व सुविधाएँ वैश्विक स्तर की हों। उन्होंने यह भी कहा कि इस अस्पताल के लिए 1078 पदों पर नियुक्तियाँ की जाएँगी, जिससे मरीजों को समय पर और प्रभावी उपचार मिल सके। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने राज्य के मनपा अस्पतालों में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्तन कैंसर और गर्भाशय कैंसर के प्रति महिलाओं को जागरूक करने और रोकथाम पर ज़ोर देने का आह्वान किया। शिंदे ने स्वास्थ्य मंत्री व सचिव को निर्देश दिया कि वे राज्य के अस्पतालों का औचक निरीक्षण करें और आवश्यक दवाओं व सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें।