Wednesday, March 11, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraखार पूर्व में अवैध होर्डिंग निर्माण पर कार्रवाई की मांग

खार पूर्व में अवैध होर्डिंग निर्माण पर कार्रवाई की मांग

रहिवासियों की सुरक्षा मेरी पहली प्राथमिकता: नगरसेवक हरि शास्त्री

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के एच/पूर्व विभाग अंतर्गत वार्ड क्रमांक 95 में खार पूर्व के सर्विस रोड, जयहिंद नगर स्थित कादरी टिंबर मार्ट के ऊपर कथित रूप से अवैध होर्डिंग निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में स्थानीय नगरसेवक हरि शास्त्री ने कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को पत्र लिखा है। नगरसेवक हरि शास्त्री ने 4 मार्च 2026 को एच/पूर्व विभाग की सहायक आयुक्त तथा निर्मल नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को पत्र भेजकर बताया कि हाईवे सर्विस रोड के पास बिना किसी अनुमति के एक बड़ा होर्डिंग लगाया जा रहा है। उनके अनुसार इस होर्डिंग के लिए न तो बीएमसी से और न ही पुलिस से कोई अनुमति ली गई है। उन्होंने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि कुछ वर्षो पूर्व इसी स्थान पर लगी होर्डिंग तेज हवा के कारण गिर गई थी, जिससे आसपास की झोपड़ियों को नुकसान पहुंचा था और चार घर प्रभावित हुए थे। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है और पुनः उसी जगह पर बनी रही होर्डिंग को लेकर लोग विरोध कर रहे हैं। नगरसेवक ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से बन रहे इस होर्डिंग के निर्माण को तुरंत रोका जाए और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय नागरिक आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। हरि शास्त्री ने कहा कि झोपड़पट्टी क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और किसी भी कीमत पर उनके जान-माल से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments