
मुंबई। साहित्यिक, सामाजिक, और सांस्कृतिक राष्ट्रीय संस्था “काव्यसृजन” द्वारा रविवार, 3 नवंबर 2024 को ऐरो क्लासेस, 90 फीट रोड, साकीनाका, मुंबई में दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सुरेन्द्र तिवारी उपस्थित थे। समारोह का खूबसूरत मंच संचालन आनंद पाण्डेय केवल ने किया। शुरुआत में अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजन किया गया, तत्पश्चात जमदग्निपुरी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। समारोह में प्रमुख साहित्यकारों में वरिष्ठ साहित्यकार हौसला प्रसाद सिंह अन्वेषी, संस्था अध्यक्ष श्रीधर मिश्र आत्मिक, संस्थापक अध्यक्ष शिवप्रकाश पाण्डेय जमदग्निपुरी, ओमप्रकाश सिंह, श्रीनाथ शर्मा, सदाशिव चतुर्वेदी, ओमप्रकाश तिवारी, अमरनाथ द्विवेदी, आयुष सिंह, उदयप्रताप सिंह, संदीप कुमार यादव, मन्नू लाल यादव नील, महेश मिश्रा, प्रोफ़ेसर अंजनी कुमार द्विवेदी, सूर्य नारायण यादव, और ताज़ मोहम्मद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी साहित्यकारों ने भाईदूज, दीपावली, और रामागमन पर आधारित छंद, ग़ज़ल, गीत, एवं मुक्तक प्रस्तुत किए। समारोह की अध्यक्षता करते हुए विनय शर्मा दीप ने काव्यसृजन परिवार की प्रशंसा की और कहा कि मुंबई में किसी भी साहित्यकार का आगमन होने पर काव्यसृजन परिवार ने हमेशा उनका सम्मान किया है और नवोदित कवियों के लिए यह एक आदर्श मंच है। संस्थापक जमदग्निपुरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली स्नेह मिलन समारोह में विनय शर्मा दीप की उपस्थिति स्वयं में एक उज्ज्वलता है जो साहित्यकारों को प्रेरित करती है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।